बाकी सब माया है

Photo by Darren Lawrence on Pexels.com

किससे पूछूँ क्या ढूँढ रहा हूँ,

क्या जाना, क्या समझ नहीं आया है?

हृदय के छल से और बुद्धि के बल से,

आखिर कौन जीत पाया है?

कभी जो प्रत्यक्ष, रहस्य-सा लगता,

कभी अदृष्य भी लगता साकार,

जो दिखता है, है सचमुच वैसा ही,

मन कई बार मान नहीं पाया है।

कितना अनजाना-सा लगता है,

वह सब कुछ जो है चारों ओर,

फिर कैसे तुरत लगता संसार सारा,

मेरे मन में ही तो समाया है।

पल-पल रूप बदलता जग यह,

क्या लगती नहीं कल्पना किसी की,

कौतुक से भरा ठगा-ठगा सोचता मैं,

यह सचमुच है, या मन में उगती कोई छाया है।

सहज आनंद की चिंता छोड़,

गूढ प्रश्न करना, फिर उसको सुलझाना,

क्यों आदि काल से इसी खेल ने

मानव के जीवन को उलझाया है।

जीवन, जीने की विधा है,

उद्देश्य इसका, शुचिता और आनंद,

और इसके प्रयत्न में ही तो सार है होने का,

बाकी सब चलती फिरती माया है।

गिरते-सम्हलते

Photo by eberhard grossgasteiger on Pexels.com

पौ फटते ही आँखे मलते,

झिझक-झिझक कर चलते-चलते,

गिरते-पड़ते और सम्हलते,

सफर तुम्हारे साथ कटा पर,

बस तुम ही रह गये मिलते-मिलते।

पग पाये और चलना सीखा,

फिर राहों को चुनना सीखा,

कुछ याद रखे, कुछ भूलना सीखा,

फिर जो देखा ओर तुम्हारे,

संकेत तरंग को सुनना सीखा।

दिखा बहुत, पर समझा कम था,

सही, गलत सब लगता सम था,

दर्शन थे या मन का भ्रम था,

हर कसौटी खड़ा जो उतरे,

कहाँ पंथ वह और कहाँ नियम था।

हँसना, रोना सदा संग थे,

पल पीड़ा के, क्षण आनंद के,

जो भी इनके छद्म संबंध थे,

पर पीड़ा है क्यों? पूछ उठा मन,

क्यों है जगत का रुग्ण प्रबंध ये?

अब अंतर्मन मैं क्रुद्ध जरा था,

सम्मुख तेरे और दूर खड़ा था,

तुम वत्सल, मैं अड़ा-अड़ा था,

दुख समूल क्यों नष्ट न होता,

मेरे क्लेष का श्रोत बड़ा था।

फिर फूल भरे एक वृक्ष को देखा,

वन, प्रकृति, अंतरिक्ष को देखा,

जीवन चक्र वहाँ भी मनुज सरीखा,

पर पीड़ा से आक्रांत न कोई,

भय, संताप से हर कोई बरी था।

क्या मानव चेतना मूल विषय है?

क्या बल, आकांक्षा मूल प्रलय है,

क्या क्षुद्र ज्ञान उपजाता संशय है,

स्वार्थ तिल भर विचलित करे तो,

मन होता क्लेश का बीज उदय है।

जीवन गह अपने नियम चला है,

सदा निर्विकार, निर्पेक्ष रहा है,

पर करुणा, संयम और प्रताप कहाँ है?

हम ही हैं जो पीड़ा हैं जनते,

वरना सकल सृष्टि में संताप कहाँ है?

संदेश

Photo by Pixabay on Pexels.com

वादों में, विवादों में घिरता रहा,

अपवादों, परिवादों को झेला सहा,

जीवन का मूल विषय कहीं छूट गया,

तर्क रहा, भाव मुझसे रूठ गया।

भाषा-परिभाषा की उलझनों को सुलझाते,

आशा और प्रत्याशा के बीच झूलते, बल खाते,

हाथ जो बचा, कोई संतुलन की विधा थी,

शुचिता मूल प्रश्न की विलुप्त हो सदा गयी।

मंदिरों में, श्मशानों में ध्यान लगाये,

विद्या के संस्थानों में समय बिताये,

हल मिला कोई, या बस उपजे संदेह नये?

समझ बढी, या प्रश्न नये और पनप गये?

वर्तमान के चक्रवात में, अनवरत झंझा में

भूत-भविष्य के रहस्य, विश्लेषण, आशंका में,

पौरुष की आकांक्षा में, लालसा की लंका में,

नहीं मिला उत्तर देवों की अनुकम्पा में।

हर त्रिज्या, परिधि, हर केन्द्र बिंदु पर,

सारी युक्ति लगा, और तर्क सजा कर,

सोचता अंतहीन शोधों को दे तनिक विराम,

है क्या संदेश अंतत: मनुष्यता के नाम?

हर प्राणी के लिये स्वाभाविक कुशल-क्षेम,

मन प्रकृति और वसुंधरा से अकलुष प्रेम,

हर व्यक्ति विशेष, पर मूलत: एक समान,

सब के हृदय में सबके लिये सहज सम्मान।

स्नेह सरल हो और सहज सम्मति हो,

जिज्ञासा ज्ञान का देता जीवन को गति हो,

कल्याण सब का हो, न किसी की क्षति हो, अह्लादमय जीवन इस सृष्टि की नियति हो।

जिन्दगी तेरा शुक्रिया

Photo by Pixabay on Pexels.com

हर सुबह जगता उजाला,

हर शाम आसमान में सिंदूर,

टिम-टिम करते तारे सारे,

उतने ही अपने, जितने दूर,

न हँसने पर पाबंदी, न आँसुओं की कमी,

जैसे मुस्कुराते फूलों पर ओस की नमी,

बिन मांगे इतना कुछ दिया।

जिन्दगी तेरा शुक्रिया।

बीते कल के सवाल,

आने वाले कल का खयाल,

कभी न बुझने वाली प्यास,

एक बेहतर कल की तलाश,

कभी आसमान में, कभी मन के अंदर की उड़ान,

कभी एक हो जाते, पंख और प्राण,

ये मैंने हैं पाये, या तेरा है किया?

जिंदगी तेरा शुक्रिया।

मंजिल धुंधली, फिर भी सफर,

किसकी तलाश, क्या आता नजर?

एक-सी दिशाएँ, पर एक को चुनने की बंदिश,

अक्सर लफ्ज रहते मायने से बेखबर,

खुद नहीं जान पाता, यह बात क्या हुई,

जितनी ही शिद्दत, उतनी ही बेखुदी,

मैं खुद ऐसा बना या किसी ने मुझको गढा?

जिंदगी तेरा शुक्रिया।

जो हूँ, होने में, बस लिया ही लिया,

फिर भी सवाल हैं कि मुझे क्या मिला,

क्यों उठते है मन में ऐसे ख़याल,

कोई आदिम उलझन है, या बेमानी-सा कोई गिला,

हक जो माँगता हूँ, किस हक से माँगता हूँ,

कीमत चुकायी है, या इस सवाल से भागता हूँ?

सवालों से चलते रहे कदम से कदम मिला।

ज़िन्दगी तेरा शुक्रिया।


दोपहर की चिलचिलाती धूप,

जो मेरे और मेरे घर के दर्मयान है,

हर दिन का महासमर,

और मेरे चारों ओर जो कुरुक्षेत्र का मैदान है,

हर पल चुनौतियों से जिंदा रखते मुझको,

मुझे देते मेरी खुद की पहचान हैं?

इनमें जब ढूँढा तो, तुझको पूरा जान गया।

जिन्दगी तेरा शुक्रिया।

रचनात्मक मन हो

Photo by Anthony Shkraba on Pexels.com

नन्हे पग मन पर छाप छोड़ते,

गहते बाँह, फिर चुपचाप छोड़ते,

बंधन के सकल विकार तोड़ते,

जब भी टूटा, हर बार जोड़ते;

रूठूँ तुमसे जितनी भी बार,

तुम संग रहे सदा निर्विकार।

बन कर अनवरत रुधिर प्रवाह,

कभी नसों में अदम्य उत्साह,

दे मन गरिमा की अक्षुण्ण चाह,

कर अहंकार का भी निर्वाह;

रहस्यमयी, सामर्थ्य के दाता,

क्या है तेरा मुझसे नाता?

मानवता के मूल आधार ढूँढता,

स्वच्छंदता के विस्तार ढूँढता,

पुलकित सतरंगी संसार ढूँढता,

स्वप्निल नयन वह द्वार ढूँढता;

जहाँ मिल सके कोई समाधान,

अपनी सार्थकता का प्रमाण।

कुछ क्षण ऋणात्मक विवाद के,

अनिश्चितता के और प्रमाद के,

भय के, पलायन के, अवसाद के,

बल मिले तभी तेरे प्रसाद के;

सहज और रचनात्मक मन हो,

लिप्सा हीन, सृजन रत जन हो।

महाभोज

Photo by Andre Moura on Pexels.com

रात ने समेट ली चादर,

बुझा दिये दीये,

किरणों की आहट सुन सकती वह,

सवेरा जरूर ही पास है।

यह उसके मन का विश्वास है।  

अंधेरे ने ली करवट,

दूसरी ओर मुँह करके लेटेगा,

उसका मानना है कि उजाले की तरह,

उसकी भी चाहत होगी किसीको,

अलग बात है कि, कहीं भी उसे मिला नहीं,

इसका प्रत्यक्ष प्रमाण।

शायद इसीलिए अंधेरा बेचैन है,

चिर काल से तृष्णा में हैं उसके प्राण।

सूरज के घोड़ों पर सवार,

उजाला आतुर मन, बार-बार सोचता है,

क्यों रहे ये घोड़े चल इतने मंद-मंद,

नींद तोड़ जग प्रतीक्षा में व्याकुल है,

ऐसा भाग्य कितना विरल है।

किरणें भाव विह्वल हैं।

समय,

समस्त सृष्टि के कथानक बुनता,

चुपचाप निश्चल अवलोकन में,

देख रहा है,

हर अणु है गतिमान, सबकुछ बदल रहा है,

और सब सोचते हैं कि वह चल रहा है;

अस्तित्व का, भावों का, घटनाक्रम का,

हो जैसे एक अनियंत्रित महाभोज रहा है,

जिसमें हर कोई अपना अर्थ खोज रहा है।

ऋण-धन

Photo by Abdullah Ghatasheh on Pexels.com

नन्हे शिशु-सा आकुल हो मन,

पूछे हर पल, कैसा हो जीवन?

कैसे हो सकती है गणणा,

क्या इसके ऋण, क्या इसका धन?

जीवन में जब कुछ भी घटा,

तो कुछ और पन्ने जुड़ गये,

यह गणित समझना बाकी था,

कि कई प्रश्न खड़े हो गये नये।

जुड़ा जहाँ कुछ समझ न आया,

आकार बढा या भार बढा,

भ्रम में मन, उत्तर दे कोई,

है गंतव्य सही जो मैं ने गढा?

‘गंतव्य कहाँ?’ एक ज्ञान दे गया,

लक्ष्य और स्पृहा भिन्न-भिन्न हैं,

संधान प्रथम का जीवन यात्रा,

दूसरा एक चक्रव्यूह अंतहीन है।

पीड़ा चेतना में चुभती-चुभती,

बनी सदा हृदय के पास रही,

कहा ‘तुम मुझे सहते निश्चय ही,

मैं तुझमें बुनती विश्वास रही।‘

उल्लास, तुम मेरे आराध्य हो,

मन बसो, परंतु इतना करना,

समृद्धि भाव का देना पर,

विवेक कभी बाधित ना करना।

सहज, सरल हो जीवन परंतु,

इसका भी अभिमान न हो,

कलुष मिटाने की शक्ति हो,

सामर्थ्य कभी निष्प्राण न हो।

जिन्दगी जब बहलाती है

Photo by Artem Podrez on Pexels.com

जिन्दगी जब बहलाती है,

थपकियाँ देते हुए हल्के-हल्के सहलाती है,

वह तुमसे प्यार तो करती है,

तुझे तैय्यार भी करती है,

आने वाले कल के लिये,

और उनमें छुपी हलचल के लिये।

जिन्दगी जब एकरसता से चलती है,

न मुड़ती है कहीं, न करवट बदलती है,

देती है एक सुकून का एहसास,

जो कभी खत्म नहीं होती है;

तो शायद कहती है,

कि आगे कोई चुनौती है;

जो कर रही है तुम्हारा इंतजार,

छोड़ो यह खुमार, चलो अब सपनों के पार।

जिन्दगी जब रुकी-रुकी-सी लगती है,

तुम्हारे सजदे में झुकी-झुकी-सी लगती है,

शायद कह रही होती है,

क्यों अपना वजूद खो रहे हो,

क्या है जो समझ नहीं पा रहे,

दिन चढ आया बेसुध सो रहे हो।

जिन्दगी ‘होना’ है,

साँसों के धागे से हर पल बुनती माया है,

वजूद से जुड़ी,

दुनियाँ पर पड़ने वाली हमारी छाया है,

उलझे सवाल नहीं, सुलझाते जवाब नहीं,

सिर्फ हकीकत या सिर्फ ख्वाब नहीं,

जहाँ सारे किनारे मिलते हैं,

यह वह जमीन है,

सब पर भरोसा है, अपने पर यकीन है;

वह सब जो हम समझ नहीं पाते और जो समझ आया है,

जिन्दगी वही है जो हमने खुद को बनाया है।

जिन्दगी सहपाठी है, गुरु है, पाठ है,

उम्मीदों की आखिरी गाँठ है,

सिखाती है, पढाती है,

कभी छोड़ती नहीं,

अंत तक साथ निभाती है,

जब भी लगता है दुहरा रही है खुद को,

अचानक एक नये रंग में आ जाती है।

ओस की बूंद

Photo by NEOSiAM 2021 on Pexels.com

ओस की बूँदों नें,

घास की झुकी नोकों से उतरते हुए,

अपना सफर खत्म करते हुए,

जड़ों में समाने से पहले,

आखिरी बार अपनी तरलता

महसूस कर पाने से पहले,

कहा, बहुत कुछ करता याद,

चलो इतने लम्बे सफ़र के बाद,

एक चक्र पूरा हुआ।

बस शुरू होने को एक नया।

मिट्टी के कणों में समाहित,

मिट्टी का ही अंश,

नहीं अलग से परिभाषित,

अंधकार ही जिसका संसार था,

किसी और में विलीन जिसका आकार था,

मात्र होना था, होने का ज्ञान नहीं था,

ना अस्तित्व,

ना ही इसकी सम्भावनाओं का कोई विचार था।

कुछ ज्ञात नहीं,

पर कुछ हुआ कहीं,

एक सूक्ष्म स्पंदन का संचार हुआ,

एक गति, एक दिशा और एक उद्देश्य

अकस्मात साकार हुआ।

भले अत्यंत जटिल थी राहें,

थी शक्ति कोई जो ले चलती थी,

बहती सूक्ष्म रंध्रों में थी,

किसीके प्राणों में वह पलती थी।

इस होने में एक बंधन था,

और उस बंधन में भी सुख था,

खुशी बहुत, कि कारण है किसी जीवन का,

पर गहरे कहीं कुछ था जो अब भी विमुख था।

मोह बंधन का चुक जाता है,

कुछ दूर चलकर रुक जाता है,

सम्मोहन खुलकर जी पाने का,

दुस्सह फिर भी मन भाता है।

अंत:स्थल के रंध्रों से चलकर,

निकल आना हरे मृदुल सतहों पर,

बोध था उन्मुक्ति का नया-नया,

नये भावों एक नया संसार मुखर।

पवन का हिंडोला, सूर्य के किरणों की छुअन,

कभी मृदुल पोषण, कभी अस्तित्व को जूझता जीवन,

था कृतकृत्य मन, थोड़ा असहज, पर पुलक भरा;

पर अब लगी लुभाने क्षितिज की सीमाएँ हर क्षण।

फिर एक दिन चाहे-अनचाहे,

पवन के कंधों पर, किरणो के संग,

उड़ चला, ऊपर, बहुत ऊपर,

लिये नया रूप, जैसे एक उन्मुक्त तरंग।

क्षितिज को देखा, उस के पार देखा,

घूमा अनंत में बिन लेखा-जोखा,

चाह हुई हर पूरी,

पर विस्मय,

उसे अपनी ही भारहीनता ने टोका।

बहुत हुआ बिन उद्देश्य घूमना,

ढूँढ प्रयोजन अब कोई अपना,

शेष जीवन यदि इसी गति चला तो,

क्या होगा उचित इसे जीवन कहना?

कहाँ-कहाँ उड़ता फिरा,

ज्ञात नहीं, पर फिर कुछ ऐसा लगा,

चाह रहा वह अपने भार का अनुभव,

और शनै:-शनै: विस्तार संघनित होने लगा।

आभास कर एक वांछित दबाव,

जैसे नया अर्थ कोई, नया एक भाव,

स्पर्श पाकर तृण के कोमल कोपल का,

बूंद बन ठहर गयी वहीं,

और घास थोड़ा झुकी उसके प्रभाव।

पूरा हुआ एक चक्र जीवन का ।

अर्थ हीन या बहुत गूढ है,

प्रश्न शेष यह शंकित मन का।

दिशा

Photo by Joshua Welch on Pexels.com

चाहे जैसे भी बंधन हों,

जैसी भी हो पराधीनता,

अंतत:, अपनी दिशा चुनने का अधिकार,

हमसे कोई नहीं छीनता।

हम चाहे जो भी कथा गढें,

अपनी वेदना पर चाहे जितनी भी महिमा मढें

हर कल पर आज की छाया है,

जो बोया था कभी, फल उसी का पाया है।

दिशा को चुनने का विकल्प,

होता है मात्र दिशा हीनता।

पहला बंधन, पर जीवन;

दूसरा अर्थहीन और निष्कृय स्वाधीनता।

जो भी पास नहीं होता,

मन उसी में आकर्षण पाता है।

पर चुन सकने का अधिकार तज कर,

मनुष्य जी पाने की संभावना ही हार जाता है।

उद्देश्य जीवन का कहाँ,

ढूढते रहते हैं जीवन की परीधि पर,

उसके मिलने के अवसर जबकि,

होते हैं जीवन में हर पल के अंदर।